बरेली। विश्व प्रसिद्ध सुन्नी आलिम आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी के तीन दिवसीय उर्स-ए-रजवी का आगाज गुरुवार को परचम कुशाई से हुआ। रिमझिम बारिश के बीच दरगाह प्रमुख व सज्जदानशीन ने रजा का परचम लहरा कर यह रस्म अदा की। सुबह दरगाह पर कुरान ख्वानी के बाद अकीदतमंदों की हाजिरी का सिलसिला शुरू हो गया था। देश-विदेश के हजारों जायरीन की आमद के बीच चादरों के जुलूस भी दरगाह पहुंचते रहे। दोपहर बाद सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी की कयादत में आजमनगर स्थित अल्लाह बख्श के निवास से परचमी जुलूस रवाना हुआ जो कदीमी रास्तों से होते हुए आला हजरत दरगाह पहुंचा। वहां सलामी देने के बाद दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां की कयादत में बिहारीपुर, जिला परिषद के रास्ते परचमी जुलूस उर्स स्थल इस्लामिया कॉलेज मैदान पहुंचा। कॉलेज के मुख्य द्वार पर दरगाह प्रमुख व सज्जादानशीन ने परचम कुशाई की रस्म अदा करते हुए तीन दिवसीय उर्स का एलान किया। इस दौरान रिमझिम बारिश होती रही। बारिश में भी जायरीन का उत्साह देखते ही बन रहा था।
108वें उर्स पर पेश की 180 मीटर की चादर और 108 टोकरी फूल
108वें उर्स-ए-रजवी के मौके पर तिलियापुर से 108 मीटर लंबी चादर और अटा कायस्थान से 108 टोकरी फूल दरगाह पर पेश किए गए। अकीदतमंद पहले आला हजरत वेलफेयर ट्रस्ट के सदर मौलाना अब्दुल्लाह रजा कादरी के पास पहुंचे। उन्होंने दुआ करके चादरों के जत्थों को दरगाह की ओर रवाना किया। जुलूस में मौलाना इमरान हस्सानी, डॉ. शाहरोज, शेख सैयद उर्फी, गुल हसन कुरैशी, मौलाना अबरार, फारूख तहसीनी, बल्लू, शाह खान, मोहम्मद नजीम रजा, मोहम्मद अनीस, मोहम्मद सगीरउदीन मौजूद रहे। इधर, आला हजरत वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से जायरीन की सहूलियत के लिए संस्था कार्यालय पर मेडिकल कैंप व मेडिसिन बैंक का उद्घाटन किया गया। मीडिया प्रभारी आलीशान ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को नमाज के बाद दरगाह पर फूलों की चादर और सेहरा पेश किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
