तरबूज तोड़ने को लेकर 12 वर्षीय बच्चे की नृशंस हत्या: परिजनों मे मचा कोहराम

आगरा- आगरा जनपद के बसई जगनेर क्षेत्र के रणधीरपुरा गांव में तरबूज तोड़ने को लेकर 12 वर्षीय बच्चे की नृशंस हत्या के मामले में शनिवार सुबह स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में रही। मृतक के शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच बच्चे का शव उसके घर लाया गया। घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से हर आंख नम हो गई। इसके बाद किवाड़ नदी के किनारे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसीपी प्रीता सिंह कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ मौके पर मौजूद रहीं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
इस घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने बाहरी किसानों के प्रति नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि बाहरी लोगों की वजह से गांव में असुरक्षा का माहौल बन रहा है, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

— आगरा से योगेश पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *