बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। डीएम अविनाश सिंह ने मंगलवार को फतेहगंज पश्चिमी के रफियावाद मे स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जाना। डीएम ने समाधान दिवस से लौटते समय जवाहर नवोदय विद्यालय रफियावाद का औचक निरीक्षण कर विद्यालय के किचन की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने कर्मचारियों को छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कक्षा 12वीं में बैठकर छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। छात्रों से शिक्षा से संबंधित समस्याओं, खानपान तथा विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं के बारे जानकारी जुटाई। डीएम ने कहा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर छात्र उन्हें अवगत कराएं। डीएम ने छात्र-छात्राओं से कहा वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने को एकाग्रता के साथ कठिन परिश्रम करें। डीएम ने कक्षा छह, सात और कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं से भी संवाद कर आवासीय व्यवस्था, पेयजल और शौचालयों की साफ-सफाई के बारे पूछा। डीएम ने छात्राओं से उनकी सुरक्षा, वार्डन और अध्यापकों के व्यवहार के संबंध में विद्यालय की सुविधाओं आदि की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्रिंसिपल प्रमोद सिंह रावत, वाइस प्रिंसिपल शशिकांता कुमारी आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
