बरेली। मुरादाबाद मंडल के डीआरएम राजकुमार सिंह ने शुक्रवार को बरेली जंक्शन पर निरीक्षण करके यात्रियों की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को साफ सफाई और अन्य सुविधाओं को लेकर दिशा निर्देश दिए। जंक्शन के सेकेंड एंट्री मार्ग रेलवे स्कूल के सामने सुभाषनगर पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग को चौड़ा कराने पर मंथन किया। आला हजरत एक्सप्रेस और बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस को पूर्वोत्तर रेलवे में दिए जाने को लेकर चल रहीं तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इसके बाद डीआरएम सीतापुर को रवाना हो गए। उत्तर रेलवे बरेली जंक्शन से चलने वाली आला हजरत और बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस को पूर्वोत्तर रेलवे में दिए जाने को रेल मंत्रालय से मंजूरी हो गई है। रेलवे बोर्ड से आदेश आना शेष है। आलाहजरत एक्सप्रेस को लखनऊ से वाया सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी, पूरनपुर पीलीभीत से इज्जतनगर होकर चलाया जाना है। वहीं बरेली इंटरसिटी को कासगंज से वाया बदायूं, रामगंगा से बरेली जंक्शन होकर दिल्ली को चलाया जाएगा। मुरादाबाद रेल मंडल और इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों की बीच शुक्रवार को जंक्शन पर वार्ता हुई। डीआरएम राजकुमार ने इज्जतनगर के अधिकारियों के साथ जंक्शन की सेकेंड एंट्री सुभाषनगर का निरीक्षण भी किया। डीएआरएम ने बताया कि आने वाले समय एनईआर कई नई ट्रेनें चलाएगा। हालांकि मार्ग नाथ कॉरिडोर में शामिल है। डीआरएम राजकुमार सिंह ने एक नंबर प्लेटफार्म, टिकट विंडो, सर्कुलेटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया। सफाई व यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखने को कहा। निरीक्षण के समय स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह, सीएमआई मोहम्मद इमरान चिश्ती मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
