डिवाइडर से टकराई मथुरा डिपो की बस, कई यात्री घायल

भमोरा, बरेली। बरेली-बदायूं रोड पर भमोरा तिराहे के पास शुक्रवार सुबह मथुरा डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद वस में अफरा-तफरी मच गई और तेज झटके से कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश यात्री दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही भमोरा तिराहे के पास पहुंची। अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्री अपनी सीटों से उछल पड़े और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। हादसे में घायल पीलीभीत जिले के माधवपुर निवासी सुभाष सरकार और मुनेंद्र सरकार ने बताया कि वे मथुरा से रोडवेज बस से पीलीभीत जा रहे थे। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। बाद में बस को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों सावन के चलते बरेली-बदायूं मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजर रहे हैं। हादसे के कुछ ही देर बाद इसी मार्ग से एक बड़ा कांवड़ जत्था भी निकला। लोगों का कहना था कि यदि दुर्घटना के समय कांवड़ियों का जत्था वहां से गुजर रहा होता, तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *