ट्रिपिंग पर लगाएं रोक, उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराएं सही बिल- गोयल

बरेली। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल बुधवार को बरेली पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में उन्होंने बरेली प्रथम जोन, द्वितीय जोन की विद्युत आपूर्ति व बिल वसूली की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ता संतुष्टि और निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग, फॉल्ट और ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतों का तत्काल समाधान करने को कहा। समीक्षा बैठक में चेयरमैन ने कहा कि बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलनी चाहिए। शहरी क्षेत्रों में लाइन लॉस और राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उपभोक्ताओं से मिलने वाले फीडबैक पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बिलिंग व्यवस्था में सुधार पर भी जोर दिया। प्रोब और फोटो बिलिंग का प्रतिशत बढ़ाने के साथ स्मार्ट मीटर वाले क्षेत्रों में पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1912 पोर्टल को प्रभावी बनाने और बिल सुधार कैंप लगाकर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए बकाएदार उपभोक्ताओं से संपर्क करने को विशेष तकादा कॉलिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों से वसूली की नियमित निगरानी करने को कहा गया। सभी से उपभोक्ताओं का समय-समय पर फीडबैक भी लेने को कहा। चेयरमैन ने रामपुर बाग स्थित हाइडिल को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। पूरे परिसर की बाउंड्रीवॉल कराने, सुरक्षा व्यवस्था और हरियाली को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में लगातार सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *