जेई को बंधक बना पीटा, अभिलेख फाड़े, वीडियो बायरल

नवाबगंज, बरेली। बकाया बिजली बिल जमा कराने और कनेक्शन काटने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। जेई को मारपीट कर दुकान में बंधक बना लिया। उनकी बाइक छीनने के साथ ही सरकारी अभिलेख भी फाड़ डाले। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने जेई को मुक्त कराकर बाइक वापस दिलाई। डायल 112 पुलिस ने दो लोगों को पकड़कर थाने पहुंचा दिया। घटना की रिपोर्ट जेई की ओर से नवाबगंज थाने में दर्ज कराई गई है। जनपद चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र के सोनहुल गांव के बाबूलाल चुनुआ बिजली घर में जेई के पद पर तैनात हैं। सोमवार को वह संविदा कर्मचारियों पुष्पेंद्र, पुरुषोत्तम और गुड्डू कुमार के साथ अधिकारियों के निर्देश पर बकाया वसूली के लिए बरौर गांव पहुंचे थे। गांव की पान कुमारी पर 11,033 रुपये बिजली बिल बकाया होने पर टीम ने घरवालों से भुगतान करने को कहा। उनके बिल जमा करने से इनकार करने पर जेई ने टीम को बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। इस पर टीम कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने लगी। आरोप है कि इससे नाराज पान कुमारी के बेटे पंकज सम्राट, अर्पित सम्राट और गांव के सचिन व साहिल ने जेई के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वह उन्हें घसीटते हुए ले गए और दुकान में बंधक बना लिया। साथ ही उनकी बाइक भी छीन ली। दबंगों ने उनके के पास मौजूद सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और दोबारा गांव आने पर जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने जेई को बंधनमुक्त कराया और उनकी बाइक वापस दिलाई। डायल 112 पुलिस दो आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जेई की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *