बरेली। शहर को दिल्ली रोड से जोड़ने वाले जर्जर हो चुके किला पुल की मरम्मत को शासन ने 488. 92 लाख रुपये मंजूर कर लिए है। जल्द बजट मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव तीन माह पहले शासन को भेजा गया था। मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी नरेंद्र भूषण से फोन पर बात कर जर्जर किला पुल की स्थिति से अवगत कराया। एक-दो दिन मे किला पुल की मरम्मत का बजट शासन रिलीज कर देगा। पीडब्ल्यूडी ओवर ब्रिज की मरम्मत कराएगा। दो दिन पहले कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने जर्जर किला पुल का निरीक्षण किया था। कमिश्नर ने बदहाल ओवरब्रिज तुरंत भारी वाहनों की एंट्री बंद करा दी थी। कमिश्नर ने ओवर ब्रिज की मरम्मत का काम शुरू कराने के निर्देश दिए थे। पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत के लिए भेजे गए पांच करोड़ के प्रस्ताव के बारे मे कमिश्नर को जानकारी दी। कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव से जर्जर पुल को लेकर बात की। मरम्मत के प्रस्ताव को मंजूर करने को कहा। कमिश्नर ने शासन को पत्र भेजा। करीब 24 घंटे में शासन ने मरम्मत के लिए पांच करोड़ का बजट रिलीज करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी। शासन ने कमिश्नर को बहुत जल्द बजट करने की जानकारी दी है। बजट रिलीज होते ही 518 मीटर लंबे ओवर ब्रिज की मरम्मत शुरू हो जाएगी। ओवर ब्रिज की रोड को दोबारा बनाया जाएगा। पुल के गर्डर की मरम्मत भी करने की योजना है। मंडलायुक्त संयुक्ता ने बताया कि किला की मरम्मत के बजट को शासन ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्दी बजट मिल जाएगा। ओवरब्रिज की मरम्मत का काम बहुत जल्द शुरू होगा। लोगों की सुरक्षा शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है।।
बरेली से कपिल यादव
