जमीन के लिए की थी दिव्यांग की हत्या, सोते समय डंडा रखकर दबाई थी गर्दन

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव कुरतरा में दिव्यांग दीपचंद कुमार की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतक के गले और मुंह पर चोटों के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि बुधवार सुबह कुरतरा गांव निवासी 50 वर्षीय दीपचंद कुमार का शव उसके कमरे में मिला था। मृतक दाहिने पैर से दिव्यांग था और अविवाहित था। वह अपने परिवार से अलग कमरे में रहता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात वह फतेहगंज पश्चिमी में दशहरा मेला देखकर घर लौटा था और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। बुधवार सुबह उसकी मौत की जानकारी हुई। मृतक के चेहरे व ठोड़ी पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो उसके छोटे सतीश भाई की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इस पर पुलिस ने हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो सतीश ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार ने बताया कि मृतक के पिता ओमप्रकाश के पास दो बीघा जमीन है जो उसने गिरवी रख दी थी। कुछ दिन पूर्व दीपचंद ने वह जमीन गिरवी से छुड़ा ली और खुद ही उस पर खेती करने लगा। सतीश वह जमीन उसे देने का दीपचंद पर दबाव बना रहा था। वह नहीं माना तो सोते समय डंडा से गर्दन दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। शुक्रवार को उसे जेल भेजा जाएगा।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *