कैंट, बरेली। दोस्तों के साथ पार्टी करके लौटे युवक की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया लेकिन मौत का कारण स्पष्ट न होने के चलते बिसरा सुरक्षित किया गया है। कैंट मे नकटिया निवासी नीतीश प्रसाद ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे उनके भाई 26 वर्षीय रजनीश प्रसाद पड़ोस मे रहने वाले दोस्त शेखर, शकील और हैप्पी के साथ पार्टी करने गए थे। चारों दोस्त शेखर की कार से पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक मॉल के पास चिकन शॉप पर गए। जहां चिकन खाया। इस दौरान शराब भी पी गई। मृतक के छोटे भाई नितेश ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे रजनीश को घर छोड़कर चले गए और फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई। लगातार उल्टी होने के चलते उन लोगों ने सोचा कि शराब ज्यादा पीने के कारण ऐसा हुआ है। उसने नितेश से कहा कि घर पर कुछ मत बताना और वह घर मे जाकर चुपचाप सो गया। रात करीब 1 बजे रजनीश वॉशरूम जाने के लिए उठा और बेहोश होकर गिर गया। भाई नितेश ने परिजनों को जगाया और उसे नकटिया स्थित निजी अस्पताल में ले गए। जहां से शहर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव घर ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। मामले में पुलिस शिखर, हैप्पी व शकील से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नही मिली है। मिलने पर उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने की वजह से बिसरा प्रिजर्व किया गया है। रजनीश घर पर रहकर एक विदेशी कंपनी मे ऑनलाइन जॉब करता था। शिखर भी उसी के साथ उसी कंपनी मे काम करता था। दोस्तों का घर पर आना जाना भी था। रजनीश के पिता मुंटन प्रसाद आर्मी से रिटायर्ड है। रजनीश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। मां अनीता व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।।
बरेली से कपिल यादव
