* कठुमरी मोड़ पर घायल कांवड़िए की मदद को पहुंचे थाना प्रभारी, निजी कार से सोरों गंगा से कांवड़ लाकर कराया जलाभिषेक
आगरा- सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे थाना बसई जगनेर के गुगावंद गांव की डाक कांवड़ कठुमरी मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान एक कांवड़िए के पैर में अचानक परेशानी होने से वह गिर पड़ा और कांवड़ भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कांवड़ यात्रा में व्यवधान उत्पन्न हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना बसई जगनेर के प्रभारी निरीक्षक अमर राणा ने संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए स्वयं कांवड़ियों की मदद की। थाना प्रभारी अपनी निजी कार से कांवड़ियों के साथ सोरों गंगा जी पहुंचे और वहां से कांवड़ लेकर वापस कठुमरी मोड़ पहुंचे। इसके बाद कांवड़ को कांवड़ियों को सौंप दिया गया।
वहीं, बसई जगनेर थाना पुलिस का पूरा स्टाफ कांवड़ के साथ मंदिर तक पहुंचा और विधिवत कांवड़ के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक कराया। थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय जनता के साथ खड़ा होना भी सेवा का हिस्सा है। थाना प्रभारी अमर राणा और पुलिस स्टाफ ने इस घटना के माध्यम से मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश की है।
इस अवसर पर गांववासियों की ओर से थाना प्रभारी अमर राणा एवं बसई जगनेर थाना पुलिस के समस्त स्टाफ का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। समारोह का आयोजन सतीश चंद लंबरदार, जीतू परमार एवं मोहित परमार, पूर्व जिलाध्यक्ष आगरा द्वारा किया गया। ग्रामीणों ने पुलिस टीम का सम्मान कर उनके प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया।
— आगरा से योगेश पाठक
