छह लेन का बनेगा पीलीभीत बाईपास, विकास के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

बरेली। शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण ने पीलीभीत बाईपास रोड के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी है। पीलीभीत बाईपास को छह लेन का विकसित मार्ग बनाने के साथ ही इसके तीन प्रमुख चौराहों का नाथ कॉरिडोर की थीम पर पुनर्विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के नाथ कॉरिडोर विजन को आगे बढ़ाते हुए पूरे मार्ग को बरेली की नाथ नगरी की पहचान से जोड़ने की योजना है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने मंगलवार को मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता समेत तकनीकी टीम के साथ पीलीभीत बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, बनखंडी नाथ चौराहा और सौ फुटा तिराहा का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात दबाव,जाम की स्थिति, वाहनों की आवाजाही और सड़क की उपलब्ध चौड़ाई का अध्ययन किया गया। छह लेन चौड़ीकरण के बाद यातायात को व्यवस्थित करने और जाम के प्रमुख बिंदुओं को कम करने पर भी मंथन हुआ। सिर्फ सुंदर नहीं, सुरक्षित भी होंगे चौराहे : बीडीए की योजना सिर्फ चौराहों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है। पुनर्विकास में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और जनसुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। उद्देश्य है कि वाहन चालकों और राहगीरों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। नाथ थीम से बदलेगा पूरे मार्ग का स्वरूप : पीलीभीत बाईपास को नाथ कॉरिडोर की थीम से जोड़ते हुए पूरे मार्ग पर एक समान डिजाइन और पहचान विकसित की जाएगी। मार्ग पर नाथ थीम आधारित प्रकाश व्यवस्था, फोकस दीवारें, प्रतीकात्मक स्थापत्य और आइकॉनिक एलिमेंट लगाए जाने की योजना है। सौ फुटा तिराहे पर प्रस्तावित फोकस दीवार के जरिए नाथ कॉरिडोर के साथ-साथ बरेली विकास प्राधिकरण की प्रमुख विकास योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *