अलीगंज, बरेली। खनन कर मिट्टी ले जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचल कर मासूम की मौत मामले में पुलिस ने चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली को सीज कर दिया है। हाफिजगंज मझरा अनिरुद्धपुर निवासी मदनलाल का 12 वर्षीय पुत्र अभिषेक साइकिल से कैनी दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान मिट्टी से लदी महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्रॉली और चालक को पकड़ लिया था। सूचना पर पहुंची अलीगंज पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस के अनुसार मृतक के बाबा की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक कल्यान निवासी ग्राम कल्यानपुर थाना अलीगंज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में बच्चे का अंतिम संस्कार कराया गया।
— बरेली से कपिल यादव
