बरेली। चाइनीज मांझा की चपेट में आकर बाइक सवार मांस विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। सीबीगंज के गांव तिलियापुर निवासी 32 वर्षीय अनीस की बिधौलिया गांव में मीट की दुकान है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे फतेहगंज पूर्वी में बहन के घर और फिर नकटिया स्थित मीट फैक्ट्री से होकर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी श्मशान भूमि क्रॉसिंग के पास अचानक ऊपर से आया मांझा उनकी गर्दन में लिपट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गर्दन में करीब 15 सेंटीमीटर लंबा घाव होने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें मिनी बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गर्दन में 15 सेंटीमीटर का घाव होने के चलते डॉक्टरों ने तत्काल उनका ऑपरेशन कर टांके लगाए। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में श्वासनली सुरक्षित होने के चलते उनकी हालत स्थिर बनी हुई लेकिन वह बोलने की स्थिति में नहीं हैं। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे है। चाइनीज मांझा को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले एक सप्ताह में किला पुलिस ने 12 से ज्यादा व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चाइनीज एवं शीशा लेपित मांझा बरामद किया है। इसके बावजूद चोरी छिपे इसकी बिक्री हो रही है और लगातार हादसे हो रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
