चलती ट्रेन मे लूट के बाद युवक को ट्रेन से फेंका, कटे पैर

बरेली। अयोध्या जा रहे युवक को जनता एक्सप्रेस मे चलती ट्रेन मे लूट लिया। लुटेरों ने उससे मोबाइल, नकदी और बैग लूटकर उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पंजे कट गए। वह रात में रेलवे ट्रैक किनारे ही पड़ा रहा। गुरुवार की सुबह लोगों ने उसे देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या के मीरमऊ निवासी रामतीरथ का बेटा राहुल (18) देहरादून की एक फैक्ट्री मे डिब्बे बनाने का काम करता है। उसने बताया कि वह बनारस जाने के लिए जनता एक्सप्रेस ट्रेन मे देहरादून से अयोध्या जाने के लिए निकला था। रात मे ट्रेन बरेली पहुंची वहां तो ट्रेन में घुसे कुछ लुटेरों ने उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर उसका मोबाइल, रुपये और बैग छीनकर उसे चलती हुई ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। इससे वह ट्रेन की चपेट मे आ गया और उसके दोनों पंजे कट गए। रात भर वह वहीं ट्रैक किनारे पड़ा रहा। गुरुवार की सुबह लोगों ने उसे लहूलुहान हालत मे देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि पुलिस से रात तक इसकी शिकायत नही हुई थी। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि युवक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *