बरेली देहात। नवदुर्गा पर सोमवार को श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान कन्याओं को भोज कराकर दक्षिणा और उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया गया। आंवला में गायत्री शक्तिपीठ धाम पर चल रहे नौ दिवसीय नवरात्र अनुष्ठान का सोमवार दोपहर करीब तीन बजे समापन हो गया। नौ दिनों तक च धार्मिक महोत्सव का समापन गायत्री दुर्गा पूजा, विशेष अर्चना और विशाल महायज्ञ के साथ हुआ। शीशगढ़ में शारदीय नवरात्र के आखिरी दिन घर-घर हवन पूजन कन्या पूजन के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया। मां दुर्गा को भोग लगाकर व्रतियों ने उपवास खोला। वही आंवला नगर के कच्चा कटरा मैदान में लगे रामलीला मेले में सोमवार को मेघनाद के पुतले का दहन किया गया। पुतला दहन के उपरांत रामलीला मंच पर, मेघनाथ वध, सुलोचना सती और अहिरावण वध आदि नाटक का मंचन किया गया। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए कोतवाल बीनू सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।
— बरेली से कपिल यादव
