घने कोहरे के चलते बेंगलुरु-बरेली की फ्लाईट रही निरस्त, यात्री रहे परेशान

बरेली। एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनो से घने कोहरे के कारण विमान सेवा प्रभावित हो रही है। शनिवार को घने कोहरे के चलते इंडिगो की बेंगलुरू की फ्लाइट बरेली एयरपोर्ट न तो आई और न ही गई। घने कोहरे व धुंध के चलते सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब रही। कोहरा व धुंध के चलते एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बेंगलुरु-बरेली की उड़ान को रद्द कर दिया। बेंगलुरु से फ्लाईट न आने के कारण बरेली से भी बेंगलुरु जाने वाली फ्लाईट निरस्त रही। अचानक फ्लाईट निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि इंडिगो एयरलाइन का बेंगलुरु से आने वाला विमान 6ई-6533 को कोहरा व मौसम साफ न होने के कारण निरस्त कर दिया गया। बेंगलुरु एयरपोर्ट से 10.40 पर चलने वाली फ्लाईट बरेली दोपहर 1.45 बजे पहुंचती है। यही फ्लाईट एक घंटे बाद दोपहर 2.45 पर बेंगलुरु के लिए रवाना होता है। शनिवार को इस फ्लाइट से जाने वाले यात्रियों का अब रिफंड किया जाएगा। फ्लाइट निरस्त होने के चलते लोगों को जहां परेशानी का सामना करना पड़ा। वही कई लोगों ने लखनऊ व दिल्ली से दूसरी फ्लाईट बेंगलुरु के लिए ली।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *