ग्रामीण सेवा शिविर में 71 खातेदारों ने आपसी सहमति से कराया भूमि बंटवारा,जिलाधिकारी ने सौंपे आदेश

राजस्थान/ बाड़मेर-  ग्राम पंचायत कोठाला एवं बोर चारणान में गुरुवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का केंद्र बने। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने दोनों शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न राजस्व एवं जनकल्याणकारी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया।शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि आसुपुरा निवासी रतनाराम, देवाराम, गोरधनराम सहित अन्य खातेदारों ने खसरा संख्या 208, 209, 210, 211, 212 एवं 213 की करीब 131 बीघा भूमि के बंटवारे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। शिविर में इकहत्तर खातेदारों ने आपसी सहमति से भूमि का विभाजन करवाया। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने लाभार्थियों को सहमति विभाजन आदेश की प्रतियां प्रदान करते हुए इसे आपसी सौहार्द और शिविर की बड़ी उपलब्धि बताया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर यादव ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर बाइस से अधिक विभागों की नब्बे से ज्यादा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।

शिविर के दौरान जिला कलक्टर यादव ने मुंढनगर एवं लोहरवा क्षेत्र के ग्रामीणों को दो से तीन किलोमीटर लंबे एक दर्जन चालू स्थायी रास्तों के आवंटन आदेश वितरित किए तथा तहसीलदार धौरीमन्ना को इनका राजस्व अभिलेखों में शीघ्र अमलदराज कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा ग्राम पंचायत कोठाला में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पूर्ण हुए एक दर्जन आवासों के लाभार्थियों को पूर्णता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

ग्राम पंचायत बोर चारणान में ग्रामीणों की मांग पर उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने रोडवेज के मुख्य प्रबंधक को गांव में रोडवेज बसों का नियमित ठहराव प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।शिविर में विकास अधिकारी हरमन विश्नोई, तहसीलदार पीरसिंह चांपावत, भाजपा जिला महामंत्री केसाराम सुथार, मघाराम नैण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *