गोला फेंक मे बदायूं की करिश्मा प्रथम, प्रीति को दूसरा स्थान

बरेली। मंडल के चारों जनपदों के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में जनपद स्तर पर चयनित छात्राओं की मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम मे किया गया। इस दौरान ताइक्वांडो, योग, कबड्डी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, खो-खो, ऊंची कूद, लंबी कूद, चक्का फेंक और दौड़ सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में मुकाबले हुए। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता मे बरेली की 87, शाहजहांपुर की 80, पीलीभीत की 48 और बदायूं की 31 बालिकाओं सहित कुल 246 छात्राओं ने हिस्सा लिया। गोला फेंक (अंडर-19) मे बदायूं की करिश्मा प्रथम और प्रीति द्वितीय स्थान पर रही। भाला फेंक (अंडर-19) में बदायूं की सुनीता प्रथम, बरेली की शिवानी द्वितीय और बदायूं की शगुन तृतीय रही। भाला फेंक (अंडर-17) में पीलीभीत की शिफा को प्रथम, बरेली की शीतल को द्वितीय और शाहजहांपुर की गोल्डी को तृतीय स्थान मिला। अंडर-14 की पैदल चाल (रेस वॉकिंग) मे पीलीभीत की तनुप्रिया प्रथम, बरेली की अंजलि कुमारी द्वितीय और बरेली की प्रियांशी तृतीय रहीं। ऊंची कूद स्पर्धाओं के अंतर्गत अंडर-14 में बरेली की प्रिय, अंडर-17 में खुशी, लंबी कूद (अंडर-14) में प्रिया यादव ने पहला स्थान हासिल किया। लंबी कूद (अंडर-17) तथा 100 मीटर दौड़ (अंडर-17) दोनों ही स्पर्धाओं में बदायूं की मीनी पटेल ने प्रथम स्थान पाया। फुटबॉल में शाहजहांपुर तथा टेबल टेनिस में बरेली की टीम प्रथम स्थान पर रही। ताइक्वांडो में बरेली व शाहजहांपुर की टीम संयुक्त विजेता रही। खो-खो प्रतियोगिता में शाहजहांपुर, बदायूं व बरेली की टीम विजेता घोषित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. विनीता ने किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), डॉ. अजीत कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *