गड़बड़ी पर खाद बिक्री के 14 लाइसेंस निरस्त, 29 सस्पेंड

बरेली। खाद की बिक्री में गड़बड़ी पर कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। छापेमारी अभियान तेज करते हुए 14 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त और 29 निलंबित कर दिए गए हैं। इन विक्रेताओं के खिलाफ बिना खतौनी के खाद बिक्री करने जैसी शिकायतें मिली थी। कृषि विभाग के मुताबिक, खाद वितरण पर निगरानी रखने के लिए सचल दल गठित किए गए हैं। तहसील, ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर निगरानी समितियां बनाई गई हैं। प्रत्येक न्याय पंचायत में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो खाद बिक्री केंद्रों पर वितरण व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। खाद का खेल रोकने के लिए अधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। 16 समितियों पर पहुंचाए डीएपी के 5600 बैग : विभाग का दावा है कि जिले मे खाद की कमी नहीं है और जरूरत के मुकाबले पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। शनिवार को निजी कंपनी की रैक से 16 सहकारी समितियों पर डीएपी के 5600 बैग पहुंचाए गए। इसके अलावा इफको प्लांट से प्रतिदिन 300 से 400 मीट्रिक टन यूरिया सीधे सहकारी समितियों को भेजी जा रही है। सहकारी समितियों, गन्ना समितियों, इफको और निजी बिक्री केंद्रों पर खाद की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *