बहेड़ी, बरेली। केसर मिल के मुंडिया फॉर्म की नीलामी 41 करोड़ 5 लाख में हो गई। यह नीलामी बरेली के एएनजी इंफ्रा टेक के नाम पर छूटी है। जमीन की बिक्री की उक्त धनराशि से किसानों को भुगतान किया जाएगा। किसानों के गन्ने का सीजन 2024-25 और 2025-26 का करीब 165 करोड़ रुपये बकाया था, जिसमें 11 करोड़ 33 लाख रुपये दिवाली से पहले केसर मिल ने किसानों को लौटाए थे। इससे पूर्व डीएम की मीटिंग के बाद एसडीएम बहेड़ी और नवाबगंज एसडीएम मिल को सील करने पहुंचे थे, जिसपर मिल सीएमडी ने दिवाली से पहले कुछ भुगतान का वादा किया था। भुगतान न दिए जाने पर केसर के मुड़िया फॉर्म की 11.443 हेक्टेयर जमीन को कुर्क कर इसकी नीलामी के आदेश हुए थे। इसकी कई बार नीलामी टलने के बाद मंगलवार को नीलामी हुई। नीलामी की न्यूनतम बोली 35 करोड़ रुपये रखी गई थी। बोली में भाग लेने के लिए दस प्रतिशत राशि जमा करने की शर्त पूरी करने के बाद चार बोलीदाताओं ने प्रतिभाग किया। शारदा प्राइवेट कंपनी से पांच लाख ज्यादा बोली लगाने पर यह बोली एएनजी इंफ्राटेक के नाम 41 करोड़ 5 लाख रुपये में छूट गई। नीलामी के दौरान एडीएम संतोष कुमार,एसडीएम गोपाल शर्मा मौजूद रहे। नीलामी की पूरी राशि 15 दिन अंदर जमा करना होगा। केसर मिल के अधिकारियों के अनुसार वह इस रकम के बाद भी किसानों का करीब 106 करोड़ 23 लाख करोड़ रुपये मिल पर और बचेगा, जिसे मिल को बेचने के बाद किसानों को भुगतान किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
