इंदिरा मार्केट मे आवारा कुत्तों का आतंक, चाय विक्रेता समेत तीन लोगों को काटा

बरेली। शहर मे आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को इंदिरा मार्केट और आसपास के इलाकों में एक आवारा कुत्ते ने चाय विक्रेता समेत तीन लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद मार्केट के व्यापारियों और ग्राहकों में दहशत का माहौल है। घायलों ने जिला अस्पताल पहुंचकर रेबीज का इंजेक्शन लगवाया और प्राथमिक उपचार कराया। गुलाब नगर निवासी शानू इंदिरा मार्केट में चाय बेचने का काम करते हैं। बुधवार को वह दुकानों पर चाय पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर में काट लिया। शानू के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया। इसके बाद इसी कुत्ते ने इंदिरा मार्केट से गुजर रहे एक अन्य राहगीर को भी काट लिया। वहीं, जिला पंचायत परिसर के पास भी एक राहगीर कुत्ते के हमले का शिकार हो गया। तीनों घायलों ने जिला अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाई और उपचार कराया। इंदिरा मार्केट के व्यापारियों का कहना है कि रोड पर लंबे समय से आवारा कुत्तों का जमावड़ा बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, क्षेत्र में घूमने वाला यह कुत्ता पहले भी दुकानदारों और ग्राहकों पर हमला कर चुका है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में आने वाले ग्राहक, दुकानदार और राहगीर लगातार डर के माहौल में आवाजाही करने को मजबूर हैं। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने नगर निगम प्रशासन से शहर में आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आए दिन कुत्ते और बंदर लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में इनकी धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर वार्ड और गली का सर्वे कराया जाए और आवारा कुत्तों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित माहौल मिल सके। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना और सार्वजनिक स्थानों पर बैठना तक मुश्किल हो रहा है। नगर निगम को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *