आशुतोष सिटी के मकान में आग से मची अफरातफरी, सामान जलकर राख

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र की आशुतोष सिटी में किराये के मकान में आग लगने से घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अग्निशमन विभाग के अनुसार गुरुवार रात करीब दो बजे इज्जतनगर क्षेत्र की आशुतोष सिटी कॉलोनी में एक मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस फायर स्टेशन से दो फायर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि आशुतोष सिटी में किराये पर रहने वाली काजल शर्मा के मकान में आग लगी हुई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मोटर फायर इंजन की सहायता से लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान चलाया। कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग की चपेट में आने से बिस्तर, कपड़े, अलमारी, वाशिंग मशीन, बेड, एसी समेत अन्य घरेलू सामान जल गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सैलानी बाजार में तारों से निकली लपटें : सैलानी बाजार में शुक्रवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे बिजली के खंभे पर लगे तारों के गुच्छे में अचानक आग लग गई। तारों से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर लोग जुट गए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बाजार में शाम के समय भीड़भाड़ अधिक होने के कारण घटना गंभीर रूप ले सकती थी। स्थानीय लोगों ने बिजली के खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगे तारों और उनकी जर्जर स्थिति को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने विद्युत विभाग से ऐसे स्थानों पर तारों के गुच्छों की जांच कराकर जरूरी सुधार कराने की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *