* आध्यात्मिक गुरु डॉ. धर्मेंद्र कुमार का हुआ सम्मान, गुरु पूर्णिमा पर्व पर कृतज्ञता का हुआ आयोजन
* मीडिया प्रभारी आशीष जौहरी ने गुरु वंदन, माल्यार्पण कर लिया आशीर्वाद
बरेली। डी.एस. प्लाजा, हरुनगला रोड स्थित बीइंग स्प्रिचुअल फाउंडेशन कार्यालय में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, भक्ति और कृतज्ञता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु डॉ. धर्मेंद्र कुमार का फूल माला पहनाकर सम्मान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने गुरु वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुओं के गुरु भगवान शिव की आराधना से हुआ। इसके पश्चात बीइंग स्प्रिचुअल फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी आशीष जौहरी ने आध्यात्मिक गुरु डॉ. धर्मेंद्र कुमार का माल्यार्पण किया तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। फाउंडेशन के सदस्य सौरभ सिंह चौहान ने भी गुरु का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरु डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व महर्षि वेद व्यास को समर्पित है, जिन्होंने मानव समाज को ज्ञान की अमूल्य धरोहर प्रदान की। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा देता है और सभी को सदैव सत्य, सेवा एवं आध्यात्मिक मूल्यों के मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में आशीष जौहरी, सौरभ सिंह चौहान, मयंक गुप्ता, अभय गुप्ता, सुरजीत सिंह, रजनीश कुमार सहित फाउंडेशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। गुरु पूर्णिमा के इस आयोजन में श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष संगम देखने को मिला।
