बरेली। सिक्खों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव के 556वें पावन प्रकाश पर्व को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड मैदान में धूमधाम से मनाया जा रहा है। बुधवार को मुख्य दीवान सजने के साथ ही सैकड़ों नाम लेवा संगत इसमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा पूरे दिन गुरु का अटूट लंगर लोग छकेंगे। सेंट्रल गुरुपुरब कमेटी के नेतृत्व में समूह संगत के सहयोग से अमृतमयी कीर्तन दरबार बरेली कॉलेज के हॉकी मैदान में लगे विशाल पंडाल में सजाया गया। शाम सात बजे बैंड बाजे के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी सहिब वाहे गुरू का जाप करते हुए संगत लेकर पहुंची और पंडाल में पालकी साहिब पर सुशोभित कर प्रकाश किया गया। रहरास साहिब के पाठ से दीवान की शुरुआत हुई। सिख मिशनरी कॉलेज के बच्चों ने गुरुवाणी कीतर्न गायन किया। हापुड़ से पहुंचे इंदरजीत सिंह ने रसभिन्ना कीर्तन किया। गंगानगर से आए हरविंदर सिंह ने गुरुनानक देव के जीवन पर प्रकाश डाला व उनकी शिक्षाओं से लोगों को अवगत कराया। अंत में पंजाब यूनिवर्सिटी के डॉ. अलंकार सिंह ने शास्त्रीय रागों के साथ कीर्तन करके संगत को भाव विभोर किया। हरप्रीत सिंह खालसा ने बताया कि बुधवार सुबह सात बजे से मुख्य दीवान आरंभ होगा जो दोपहर चार बजे तक चलेगा। दोपहर 12 बजे से गुरु का लंगर प्रभु इच्छा तक चलता रहेगा। वही मंगलवार को विभिन्न गुरुद्वारों से प्रभात फेरियां निकाली गई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मॉडल टाउन व सुभाषनगर से प्रभात फेरी निकाली गई जो अपने क्षेत्र के मुख्य मार्गों से होते हुए गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी मे ढोल, श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी के आगे दर्जनों सेवक-सेविकाएं झाड़ू, जल एवं फूलों की सेवा करते हुए शोभा बढ़ा रहे थे। वही कीर्तनी गुरु के शब्द गायन कर रहे थे। ढोल, बैंड के अलावा पंज प्यारे वाहेगुरु का नाम जप कर रहे थे, स्त्री सत्संग सभा का जत्था कीर्तन गायन कर रहा था। इस मौके पर मनजीत सिंह नागपाल, परदमन सिंह, सुरेंद्रजीत सिंह छाबड़ा, अमरीक सिंह, मिंटू चावला, हरप्रीत सिंह गोलू आदि रहे।।
बरेली से कपिल यादव
