आंवला, बरेली। जनपद के आंवला नगर से बड़ी संख्या में कांवड़िए रविवार को गंगा जल लेने के लिए कछला रवाना हुए। वह मंगलवार को गुलड़िया में जाकर जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा, नगर के मोहल्ला कच्चा कटरा, किशन टोला, बजरिया, मोहब्बत गंज गौटिया और ताडगंज से शिवभक्त नाचे गाते जल लेने गए। वीर सिंह पाल के नेतृत्व में पुरैना चौराहे से एक जत्था रवाना हुआ। इससे पहले विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। जत्था प्रमुख वीर सिंह पाल, अभय, चंद्रपाल मौर्य, शैलेंद्र और किशनपाल ने बताया कि सभी शिवभक्त कछला घाट से गंगा जल लेकर सोमवार को लौटेंगे। इसके बाद शिवतेरस पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बाद में गुलड़िया स्थित प्राचीन गौरीशंकर मंदिर तथा पुरैना शिव मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। इसमें सभासद राम बहादुर, संजय अग्रवाल उर्फ बॉबी, रामवीर प्रजापति, सुनील यादव, सुनील श्रीवास्तव ने कांवड़ियों को फूल मालाएं पहनाई। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय ने ड्रोन कैमरे से शहर का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाल बीनू सिंह, चौकी इंचार्ज नितिन कुमार शर्मा मय पुलिस के साथ रहे।।
बरेली से कपिल यादव
