अनूठी पहल:बरेली के मंदिरों से खंडित मूर्तियां एकत्र कर किया रामगंगा घाट पर विधि-विधान से भू-विसर्जन

बरेली। गंगा समग्र महानगर बरेली की टीम ने रविवार को सनातन धर्म और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की। प्रातः 7 बजे से शाम लगभग 4 बजे तक चले इस अभियान में शहर के प्रमुख मंदिरों से एकत्र की गई खंडित व पुरानी मूर्तियों का रामगंगा घाट पर विधि-विधान से भू-विसर्जन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा समग्र के ब्रज प्रांत कोष प्रमुख डॉ. विमल भारद्वाज ने झंडी दिखाकर किया। गंगा समग्र महानगर संयोजक
ठाकुर अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम रवाना हुई।
इन मंदिरों से उठाई गईं मूर्तियां टीम ने सबसे पहले बरेली के सप्त नाथ मंदिरों – श्री बनखंडी नाथ, श्री पशुपतिनाथ, श्री धोपेश्वरनाथ, श्री तपेश्वरनाथ, श्री त्रिवटीनाथ, श्री अलखनाथ और श्री मणिनाथ मंदिर से मूर्तियां एकत्र कीं।
इसके अलावा एकता नगर शिव मंदिर, राजेंद्र नगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर सलेक्शन प्वाइंट स्थित श्री नवदुर्गा मंदिर, मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर, श्री रामायण मंदिर, सुरखा स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर, चौधरी तालाब स्थित श्री गंगा मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर और रामपुर गार्डन स्थित आनंद आश्रम से मूर्तियां उठाई गईं।
इसी दौरान कर्मचारी नगर के पास स्थित कॉलोनी की बहिन श्रीमती राधा रानी वर्मा को जब इसकी सूचना मिली तो वे स्वयं अपने मंदिर की सभी मूर्तियां लेकर एकता नगर शिव मंदिर पहुंचीं और टीम को सौंपी। गंगा समग्र ने उनके इस समर्पण के लिए सादर आभार व्यक्त किया।
पुष्प और वस्त्र से ढककर किया भू विसर्जन रामगंगा घाट पर सभी मूर्तियों को पुष्प और वस्त्र से ढककर, हाथ जोड़कर प्रार्थना के साथ भू-विसर्जित किया गया, पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और अनुशासन का माहौल रहा।
इस अवसर पर ठाकुर अखिलेश सिंह ने कहा कि, “दुख होता है कि सनातन धर्म के लोग जिन मूर्तियों की पूरे साल पूजा करते हैं, एक साल बाद उन्हीं लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को मंदिरों के किनारे, पेड़ों के नीचे और गंदे स्थानों पर रख देते हैं।”
उन्होंने मंदिरों के पुरोहितों से अपील की कि मंदिर प्रांगण में मूर्तियां रखने के लिए एक उचित स्थान निश्चित करें, और मूर्तियों के साथ कपड़े, कांच की मूर्तियां व अन्य सामान न रखें, ताकि विसर्जन के समय किसी को चोट न लगे और किसी की भावना आहत न हो।
उन्होंने पर्यावरण बचाने के लिए भी अपील की कि मिट्टी की मूर्तियों को लोग स्वयं गंगाजल डालकर घर पर ही विसर्जित करने का प्रयास करें। इससे पर्यावरण भी बचेगा और देवी-देवताओं की मूर्तियों का अपमान भी नहीं होगा।
अंत में उन्होंने सभी मंदिरों के पुरोहितों और गंगा समग्र के सभी साथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी गंगा समग्र इस तरह के कार्य लगातार करता रहेगा।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. रामायण सक्सेना और हरपाल सिंह यादव (हैरी) रहे। इनके साथ गंगा समग्र के जल निकास आयाम प्रमुख श्री राजेश्वर दयाल पाठक, शिक्षण आयाम प्रमुख श्री विजय प्रजापति, श्री रोहित राकेश, सह संयोजक युवा महानगर श्री प्रियांशु अग्रवाल, घाट आयाम सह प्रमुख श्री अशोक कुमार शर्मा के साथ गंगा समग्र के साथियों ने पूरे दिन सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *