बरेली। तीन दिन तक चलने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो रही है। पहले दिन दोनों पालियों में 17500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पेपर शुरू होने से आधा घंटे पहले ही केंद्र में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। सिपाही भर्ती परीक्षा आठ, नौ और दस जून को जिलेभर के 19 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। तीन दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में 52500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। तीनों दिन दो पालियों में परीक्षा होगी और प्रत्येक पाली में 8750 अभ्यर्थी पेपर देंगे। इस तरह सोमवार को दो पालियों में 17500 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर केंद्र का प्रभारी इंस्पेक्टर को बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 57 इंस्पेक्टर और 75 सब इंस्पेक्टर समेत 700 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए है। उत्तर प्रदेश पुलिस (आरक्षी) भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होगी। जिसके चलते सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक शहर की यातायात व्यवस्था तीन दिनों तक बदली रहेगी। इन तीन दिनों में विभिन्न जिलों से 52, 500 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए आएंगे। एसपी ट्रैफिक ने रूट डायवर्जन को एडवाइजरी जारी कर दी है। थाना बारादारी, प्रेमनगर, इज्जतनगर, सीबीगंज, कोतवाली, किला, हाफिजगंज के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी छोटे वाहन दो पहिया ऑटो ई-रिक्शा से जा सकेंगे। बरेली कॉलेज, बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज रिठौरा, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ब्लॉक-ए, ब्लॉक-बी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र इंटर कॉलेज, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज।
बरेली से कपिल यादव
