संपत्ति विवाद मे भाजपा नेता को भाई-भतीजों ने छत से फेंका, मौत, पार्षद समेत 10 नामजद

बरेली। जनपद के थाना किला क्षेत्र के मोहल्ला मुरावपुरा निवासी पूर्व पार्षद भाजपा नेता सूर्य प्रकाश गुप्ता को उनके भाई विष्णु गुप्ता ने अपने दो बेटों के साथ संपत्ति विवाद मे छत से फेंक दिया। इलाज के दौरान सूर्य प्रकाश की निजी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के बेटे की ओर से पार्षद चंद्रप्रकाश गुप्ता सहित 10 लोगों को नामजद कराते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता के बेटे आशुतोष गुप्ता ने किला थाने मे दी तहरीर मे बताया है कि उनके पिता और चाचा विष्णु गुप्ता के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह 11 बजे उनके चाचा विष्णु गुप्ता अपने बेटों आयुष और कौशिश गुप्ता के साथ आए। घर का दरवाजा तोड़ दिया। विष्णु गुप्ता के पास हथौड़ा था। वह दीवार तोड़ने की कोशिश करने लगा। विष्णु गुप्ता ने अपने कई करीबियों को बुला लिया। गाली-गलौज, धमकी और हंगामे के बीच आरोपी मकान की दीवार तोड़ने की कोशिश करने लगे। विरोध पर पथराव और फायरिंग की। विष्णु गुप्ता चार लाख रुपये रंगदारी मांग रहा था। आशुतोष का कहना है कि उनके पिता सूर्य प्रकाश गुप्ता विवाद शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान चाचा व उनके दो बेटों ने आशुतोष के पिता को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। जमीन पर गिरकर वह गंभीर घायल हो गए। उनको निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। किला पुलिस ने विष्णु गुप्ता, उसके बेटों आयुष, कौशिश, पार्षद चंद्रप्रकाश गुप्ता, निशांत गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, बंटी गुप्ता, शिवा गुप्ता, सोनू गुप्ता, विजय गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आशुतोष का कहना है कि उनके पिता दिल के मरीज थे। उनके चाचा का घर उनके घर के बिल्कुल पीछे है। उनके चाचा चार लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। वार्ड नंबर 42 का पार्षद चंद्रप्रकाश गुप्ता, पार्षद का बेटा अभिषेक गुप्ता समेत निशांत गुप्ता, बंटी गुप्ता, शिवा गुप्ता, सोनू गुप्ता, विजय गुप्ता उनके पिता पर मकान खाली करने का दबाव बना रहे थे। आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण हासिल है। विष्णु गुप्ता, कौशिश गुप्ता और तहेरा भाई निशांत गुप्ता रात 2:30 बजे भी उनके दरवाजे पर आए। गालियां दी और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। इसका वीडियो भी आशुतोष के पास है। आशुतोष का कहना है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। बुधवार रात भी वह उनके पिता पर हमला करने आए थे, लेकिन कामयाब नहीं हुए। राजनीतिक संरक्षण मे गुरुवार को फिर धावा बोल दिया। उनके पिता को तीसरी मंजिल से फेंक दिया, ताकि हत्या को हादसा दर्शाया जा सके। सीओ द्वितीय अंजनी कुमार ने बताया कि मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है। मृतक के बेटे की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *