मुस्‍लि‍म प्रेमी से बात करते पकड़ी गई बेटी, पिता व दो भाइयों ने ने ही गला दबाकर ले ली जान

सिरौली, बरेली। जनपद के थाना सिरौली क्षेत्र के ग्राम बरसेर मे एक 18 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। युवती क्रांति की उसके ही पिता और दो भाइयों ने मिलकर प्रेम प्रसंग के चलते हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे हुई की है। युवती के पिता महेंद्र ने पुलिस को बताया कि क्रांति बीमार थी और रात मे उसकी अचानक मौत हो गई। परिवार पुलिस को सूचित किए बिना ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। हालांकि सिरौली पुलिस ने शव पर चोट के निशान और गले पर हल्का निशान देखा। पुलिस को शक हुआ और उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि क्रांति की मौत बीमारी से नही बल्कि गला घोंटने के कारण मौत हुई। पुलिस ने क्रांति के चाचा की शिकायत पर पिता व दोनों पुत्रों के विरुद्ध प्राथमिकी लिख तीनों को जेल भेज दिया है। सिरौली के बरसेर सिकंदरपुर के महेंद्र कश्यप की बेटी क्रांति कश्यप का संभल निवासी अरमान खान से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती प्रेमी से फोन पर बात करती थी। मां का पूर्व मे ही निधन हो जाने की वजह से क्रांति अपने मन की बात भी किसी से साझा नही कर पाती थी और न ही उसे कोई समझाने वाला था। स्वजन ने काफी समझाया, लेकिन उसने साफ कहा कि वह अरमान से शादी करना चाहती है। पिछले वर्ष अरमान और क्रांति को गांव वालों ने रामनगर किला मे पकड़ लिया था। इसके बाद दोनों पक्षों में बैठकर समझौता हो गया मगर क्रांति के पिता महेंद्र आए दिन अपनी बेटी के साथ मारपीट करते थे। महेंद्र के दोनों बेटे अमन व आकाश बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करते है। एक हफ्ता पहले ही वह गांव आए थे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने सोमवार को क्रांति को युवक से फोन पर बात करते पकड़ लिया था। इसके बाद पिता और दोनों भाइयों ने पहले उसे लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मुहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया था। रात में आरोपितों ने क्रांति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। गांव में किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि, युवती की हत्या कर दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और मौत का कारण पूछा तो पिता और भाइयों ने बताया कि उसे उल्टी दस्त हो रहे थे। इसी की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जब क्रांति के पोस्टमार्टम की बात कही तो स्वजन तैयार नही हुए चूंकि सूचना हत्या की थी इसलिए पुलिस ने क्रांति का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूरे शरीर पर पिटाई के निशान के साथ मौत का कारण गला दबाना आया। हत्या की कहानी खुलने के बाद युवती के चाचा महक सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्रों पर हत्या की प्राथमिकी लिखकर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। तीनों को जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि आनर किलिंग का मामला है। युवती अरमान नाम के युवक से प्रेम करती थी। इसी के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *