बरेली। जनपद मे मानसून की पहली बारिश ने बेतहाशा गर्मी झेल रहे शहरवासियों को खासी राहत पहुंचाई पर गुरुवार को बादलों की आवाजाही जारी रही अब अगले तीन दिन उमस बेहाल कर सकती है। उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने से बारिश के आसार नही हैं। इस दौरान बादल मंडराएंगे पर धूप तपिश का अहसास कराएगी। कुछ स्थानों पर रिमझिम के भी आसार है। रुहेलखंड में मानसून ने सोमवार को दस्तक दी और 48 घंटे में 34 मिमी बारिश हुई। मंगलवार की सुबह के बाद दोपहर करीब एक बजे हल्की बारिश हुई, लेकिन चटक धूप से तापमान में एक डिग्री बढ़त दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, हवा में नमी की अधिकता से उमस का माहौल नहीं बना। ढलती शाम के साथ हवा सामान्य रही। न्यूनतम पारा 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर सौ फीसदी दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक 48 घंटे तक लगातार बारिश के बाद अब जिले के कई स्थानों पर उच्च वायुदाब का क्षेत्र बन रहा है। जिन इलाकों में अनुकूल यानी निम्न वायुदाब का माहौल बनेगा। वहां बादल छाएंगे और रिमझिम के आसार है।।
बरेली से कपिल यादव
