मीरगंज, बरेली। जनपद थाना मीरगंज क्षेत्र मे महिला अपने घर में फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने पुलिस व मायकेवालों के पहुंचने से पहले ही महिला को फंदे से उतार लिया। मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस एवं फील्ड यूनिट मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिंधौली की गौंटिया निवासी ममता (34) पत्नी मुकेश कश्यप सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में घर के बरामदे के कुंडे में बंधी रस्सी से लटकी मिली। सूचना पर गांव अंबरपुर से मायके वाले मौके पर पहुंच गए। मायके वालों को ममता का शव नीचे रखा मिला। परिजनों ने उनके पहुंचने से पूर्व शव फंदे से नीचे उतार लिया था। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। उनकी ममता के ससुरालवालों से तीखी नोंकझोक हुईं। भाई अंकित ने पुलिस को बहन की संदिग्ध हालात में मौत होने की सूचना दी। सूचना पर सीओ अजय कुमार, एसओ रवि कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मृतका के बच्चों से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि महिला सोमवार सुबह फंदे पर लटकी मिली। बच्चे ने मां को फंदे पर लटका देखकर चाची को सूचना दी। पति-पत्नी मे मनमुटाव की चर्चा है। ममता के मायके से कुछ लोग रविवार को उसके घर समझाने आए थे। ममता की शादी 11 वर्ष पूर्व मुकेश कश्यप से हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। पति पत्नी के साथ दिल्ली में मजदूरी करता है। वे गत दिनों गांव आए थे। एसओ रवि कुमार ने बताया मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभी इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं है।।
बरेली से कपिल यादव
