महिला आरक्षी ने प्यार मे धोखा मिलने पर उठाया आत्मघाती कदम, सिपाही निलंबित

शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही मे महिला आरक्षी से प्रेम संबंध मे खुद को कुंवारा बताने वाले शादीशुदा सिपाही अमित चौधरी को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई है। धोखे की जानकारी होने पर महिला आरक्षी ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। एसपी कार्यालय के आदेश के अनुसार क्षेत्राधिकारी मीरगंज की एक जून की आख्या में लगाए गए आरोपों को अत्यंत गंभीर माना गया। आरोप है कि अमित चौधरी ने अपने विवाहित होने की बात छिपाकर महिला आरक्षी को धोखे मे रखकर उससे प्रेम संबंध बनाए। शाही थाने के आरक्षी अमित चौधरी ने खुद के शादीशुदा होने की बात छिपाकर एक रिक्रूट महिला आरक्षी से दोस्ती बढ़ाई। आरोप है कि महिला आरक्षी को शादी का झांसा देकर उससे प्रेम संबंध बनाए। कुछ दिन पहले महिला आरक्षी को अमित चौधरी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। अमित से पूछताछ मे स्थिति स्पष्ट होने के बाद अवसाद मे आई महिला आरक्षी ने 31 मई को एक साथ कई दवाइयां खा ली। उसकी हालत बिगड़ी तो स्टाफ ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। शाही थाना प्रभारी ने एसएसपी को घटनाक्रम की जानकारी दी। तब एसएसपी ने सीओ मीरगंज अजय कुमार को प्रारंभिक जांच सौंप दी। इसमें आरक्षी अमित चौधरी पर लगे आरोपों को गंभीर माना गया। सीओ की रिपोर्ट के बाद एसएसपी ने अमित चौधरी को निलंबित कर दिया। उन्होंने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि आरक्षी के इस कृत्य से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। अमित चौधरी के निलंबन के साथ ही शाही थाने से जुड़े प्रेम प्रसंग के कई और किस्से भी सोशल मीडिया के जरिये सामने आ रहे हैं। एक पर्ची व्हाट्सएप पर वायरल हो रही है, जिसमें थाने के कई सिपाहियों के नाम लिखे हैं। सिपाहियों के नाम के आगे महिला पुलिसकर्मी या कस्बे की निवासी लड़कियों के नाम लिखे हैं। एक सिपाही का नाम कस्बा की निवासी लड़की से जोड़कर लिखा है कि उसका ट्रांसफर शाही से बहेड़ी थाने हो गया था। उसने जुगाड़ से अपनी तैनाती शाही थाने की पीआरवी पर करवा ली है। सूत्र बता रहे हैं कि सोशल मीडिया के जरिये ये मामले अधिकारियों की जानकारी मे भी पहुंच रहे हैं। जल्दी ही कुछ और कार्रवाई देखने को मिल सकती है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *