महंगाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का बैलगाड़ी पर बाइक लादकर निकाला जुलूस

बरेली। समाजवादी युवजनसभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने पटेल चौक स्थित लोहिया बिहार कार्यालय से कलक्ट्रेट तक बैलगाड़ी पर बाइक लादकर जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में एलपीजी सिलिंडर, स्मार्ट मीटर और तवा भी नजर आए। कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर मोटरसाइकिल लादकर यह संदेश दिया कि जनता अब अपनी गाड़ियां चलाने में असमर्थ है। उनका कहना था कि पेट्रोल की कीमत सौ रुपये के पार पहुंच गई है। इससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। सपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तंज कसा। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में विफल रही है। सिलेंडर बैलगाड़ी पर रखकर सपाईयों ने नारेबाजी की। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. मोहित भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार, बिजली कटौती और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे है। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, किसानों की समस्याएं, आवारा पशुओं से फसल नुकसान, महिलाओं की सुरक्षा और बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में बिजली कटौती रोकने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों को उचित समर्थन मूल्य दिलाने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई। पार्टी ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि महंगाई नियंत्रित नहीं हुई तो और उग्र आंदोलन किए जाएंगे। इस दौरान भुवनेश यादव, एजाज अहमद और अविनाश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *