मलिन बस्ती मे सांसद, विधायक, मेयर के साथ डीएम ने लगाई झाड़ू, दिया स्वच्छता का संदेश

बरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को नौमहला वार्ड की मलिन बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद, मेयर, विधायक और डीएम सड़क पर झाड़ू लेकर उतरे और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। वही इस दौरान सरकार आपके द्वार अभियान में जनसुनवाई और जनकल्याणकारी योजनाओं के शिविर लगाए गए। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं बताई और कई का मौके पर निस्तारण किया गया। नगर निगम की ओर से आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, नालियों और आसपास के क्षेत्रों की व्यापक सफाई कराई गई। साथ ही नागरिकों को प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना और मलिन बस्तियों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा। विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नौमहला मलिन बस्ती की सड़कों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद सभी ने स्वच्छता ही सेवा की शपथ भी ली। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार अब पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए स्वयं उनके द्वार तक पहुंच रही है। उन्होंने लोगों से शिविर में आकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील करते हुए अधिकारियों को गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मलिन बस्ती के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को क्लीन बरेली-हेल्थी बरेली की भावना के साथ आगे आना होगा। इस अवसर पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *