बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गुरुवार को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी किया। पिछले तीन सालों से दोनों ही परीक्षाओं मे बेटियां परचम लहरा रही हैं। हाईस्कूल, इंटर दोनों ही परीक्षा में जिले की टॉप-10 हो प्रदेश की टॉप-10 में छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में आधी से अधिक है। हाईस्कूल और इंटर को मिलाकर कुल 29 विद्यार्थियों में से 17 लड़कियां टॉप-10 में शामिल हैं। जबकि केवल 12 लड़के ही इस सूची में अपना स्थान बना सके। हाईस्कूल में टॉप-10 में कुल 18 बच्चों ने जगह बनाई। इनमें से मात्र सात लड़के हैं, जबकि 11 लड़कियां जिले की टॉपर बनी। यहां रश्मि ने 600 में से 581 अंक प्राप्त कर 96.83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से रजनी सिंह व शिवानी ने 96.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं गुलशन यादव, वैष्णवी गुप्ता ने संयुक्त रूप से 96.17 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। दामिनी सिंह ने 95.83 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया। इकरा, रोशनी व भव्या ने 95.50 प्रतिशत अंक के साथ पांचवां स्थान, शगुन ने 94.33 प्रतिशत अंकों के साथ नौवां स्थान, अनुष्का ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ 10वां स्थान प्राप्त किया है। इंटर टॉप-10 में नंदनी गुप्ता ने 97.20 प्रतिशत अंक के साथ जिले में पहला व प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह सुरभि यादव ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में तीसरा व जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। खुशी मौर्या व सिमरन मौर्या ने संयुक्त रूप से 96.40 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान, चमन जहां ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान, अरीना अदिबा ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ छठवां स्थान प्राप्त किया है। एसएसवी इंटर कॉलेज सुरेश शर्मा नगर का हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। कक्षा 12 में अभिषेक पटेल ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉप किया। माही सेनी ने 78.8 फीसदी ,मोहम्मद अमन ने 78.6 ,हर्षित वर्मा ने 74.8 और महक गोस्वामी ने 74.6 फीसदी अंकों के साथ सराहनीय प्रदर्शन किया।।
बरेली से कपिल यादव
