बरेली। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार 28 मई को मनाया जाएगा। त्योहार को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी कमर कस ली है। बकरीद के दिन ट्रैफिक एडवाइजरी एसपी ट्रैफिक की तरफ से जारी की गई। जिसके मुताबिक गुरुवार को सुबह पांच बजे से देर रात तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ईद के मौके पर सड़क पर हुड़दंग करने वालों को लेकर भी गाइड लाइन जारी की गई है। गाइड लाइन में कहा गया कि दो पहिया वाहनों पर तीन सवारियां बैठकर नहीं चलें, दोपहिया या चार पहिया वाहनों के साथ स्टंटबाजी न करें, रैश ड्राइविंग से बचें, साथ ही वाहनों में प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कतई न करें। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि नियमों की अनदेखी करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एडवाइजरी के अनुसार दिल्ली, रामपुर और नैनीताल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा बाईपास, बिल्वाधाम, नवदिया झादा और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सुबह 7 बजे से पहले मंशाराम, बुखारा और कैंट होकर शहर में प्रवेश दिया जाएगा। दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसों को झुमका तिराहा से मिनी बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, डेलापीर, 100 फुटा रोड होते हुए सेटेलाइट बस स्टेशन तक भेजा जाएगा। सभी भारी वाहन और रोडवेज बसें चौकी चौराहा से मिनी बाईपास होकर डेलापीर मजार की तरफ प्रतिबंधित रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से त्योहार को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। साथ ही दो पहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, स्टंटबाजी से बचने, रैश ड्राइविंग न करने और वाहनों में प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
