बरेली। अडानी कंपनी की शिकायत पर नरियावल में शुक्रवार रात प्रशासन, पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने एक फर्म के गोदाम पर छापा मारा। छापे के दौरान फॉर्च्यून ब्रांड से मिलते जुलते मार्का वाले खाद्य तेल के 171 टिन बरामद हुए। फ़ूड सेफ्टी विभाग ने सैंपलिंग कर 2052 लीटर तेल सील कर दिया। वहीं, कंपनी ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए बिथरी थाने में तहरीर दी है। अडानी कंपनी की लीगल सेल ने शुक्रवार को पुलिस- प्रशासन में यह शिकायत की कि उनके मार्का और ब्रांड कलर से मिलते-जुलते पैकेट और टिन तैयार कर तेल- रिफाइंड बेचा जा रहा है। दूर से देखने में यह फॉर्च्यून कंपनी का ही प्रतीत होता है। कॉपीराइट का उल्लंघन का जिक्र करते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की। सूचना प्राप्त होने पर एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग के साथ बालाजी ट्रेडर्स पर छापेमारी की। इस दौरान अडानी कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। वहां 12-12 लीटर वाले 171 टिन बरामद हुए। परिसर में दो टैंकर भी थे। फर्म फॉर्चून कंपनी से मिलते- जुलते टिन-पैकेट बनाकर राजहंस, फंक्शन और फार्मूला नाम से पैकेजिंग कर रही है। सुगंध आदि नाम के भी कुछ तेल और रिफाइंड के पैकेट बरामद हुए। फूड सेफ्टी विभाग ने सैंपलिंग के लिए फैक्ट्री स्वामी को फोन किया मगर वह फैक्ट्री नहीं पहुंचे। रात 11 बजे उनके प्रतिनिधि की उपस्थिति में सैंपलिंग की गई। सैंपल लेने के बाद 2052 लीटर तेल सीज कर दिया गया। इसके अलावा 780 लीटर नेपाली तेल भी पाया गया। उसको भी सैंपल लेने के बाद सीज किया गया है। उधर, कंपनी ने कॉपीराइट के उल्लंघन में बिथरी थाने में तहरीर दी है। अब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तेल नकली है अथवा गुणवत्ता मानकों के विपरीत तैयार किया गया है। यदि जांच में नकली तेल पाया गया तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम और अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
