बरेली। पेट्रोलियम उत्पाद-डीजल, पेट्रोल, कॉमर्शियल एलपीजी एवं सीएनजी आदि के दामों में बढ़ोत्तरी के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार को कचहरी के निकट चौधरी चरण सिंह पार्क में एकत्र होकर कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने कहा कि वर्तमान सरकार जनता से जुड़े असली मुद्दों पर पर्दा डालने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों के चुनाव के दौरान सरकार लगातार यह दावा करती रही कि देश में किसी भी वस्तु की कमी नहीं है और विश्व में कहीं भी युद्ध या संकट होने से भारत पर कोई प्रभाव नही पड़ेगा। मगर चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने अपना पेट्रोल, डीजल, सीएनजी व कमर्शियल एवं पांच किलो गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया। आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल सस्ता था, तब भी सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम कम नहीं किए। पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार ने कहा कि जो सरकार जनता को लगातार नुकसान पहुंचाने का कार्य करती है, वह अधिक समय तक सत्ता में नहीं रह सकती। इस दौरान राजाराम साहू, पंडित राज शर्मा, डॉ. हरीश गंगवार, मो. नदीम, शबनम मलिक, फरहीन बानो, जोया रानी समेत तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
