आंवला, बरेली। जनपद की तहसील आंवला परिसर के बाहर कोतवाली तिराहे पर स्थित दो वकीलों के चैंबरों को निशाना बनाकर असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की। वहां फैली गंदगी देखकर वकीलों मे आक्रोश फैल गया। इस मामले मे एसडीएम विदुषी सिंह को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। कोतवाली तिराहे के सामने स्थित एक वरिष्ठ अधिवक्ता के चैंबर मे अज्ञात लोगों ने रविवार रात तोड़फोड़ की। चैंबर मे लगी मेज का कांच तोड़ दिया गया और मेज, फर्श पर शराब की खाली बोतलें और कांच के टुकड़े बिखरे पाए गए। चैंबर की कुर्सियों और फर्श पर गोबर का घोल डालकर माहौल को दूषित करने का प्रयास किया गया। इसी तरह से एक दूसरे अधिवक्ता के चैंबर में भी किया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि वर्तमान मे बार एसोसिएशन पदाधिकारियों के लिए चुनाव चल रहा है। आशंका है कि इसको लेकर किसी के द्वारा भड़ास निकाली गई हो। जबकि दोनों वकील किसी भी पद के प्रत्याशी नहीं हैं और न ही उनका किसी से कोई विवाद है। थाना के समीप हुई इस घटना को एक सोची-समझी साजिश माना जा रहा है। वकीलों ने इसे तहसील की शांति व्यवस्था को भंग करने और अधिवक्ताओं के मनोबल को गिराने का प्रयास बताया है। इसको लेकर वकीलों ने एसडीएम विदुषी सिंह से शिक़ायत कर अराजक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
