हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव बकैनिया मे मंगलवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी व जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव बकैनिया निवासी शमशाद अली ने बताया कि वह मंगलवार को अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान रात में चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे का ताला खोलकर संदूक में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। वही इसी गांव के निवासी शेखावत हुसैन ने बताया कि चोर उनके घर के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर अलमारी में रखे 20,500 रुपये की नकदी तथा उनके भांजी के करीब दो तोला सोने के कंगन चोरी कर ले गए। दो चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने थाना हाफिजगंज में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया की चोरी का मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
