बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के पदारथपुर चौधरी गांव निवासी 30 वर्षीय शगुफ्ता खानम को उनके ससुरालवालों ने पीटा, जिससे वह घायल हो गई। घायल शगुफ्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की ओर से इज्जतनगर थाना पुलिस से शिकायत की गई है। अस्पताल मे भर्ती शगुफ्ता ने बताया कि उनकी शादी पांच वर्ष पहले रोहित अली उर्फ गुड्डू से हुई थी। विवाह के समय उनके मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था लेकिन ससुराल पक्ष उससे संतुष्ट नहीं था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले लगातार और दहेज लाने को कहते थे। उन पर डेढ़ लाख रुपये और एक कार लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर आए दिन उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। शगुफ्ता का आरोप है कि सोमवार शाम पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। डंडों से उनकी पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलने पर उनके मायके वाले मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़िता ने कहा कि उनके मायके वालों ने पुलिस को मौखिक सूचना दी है, स्वस्थ होने के बाद वह खुद पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी।।
बरेली से कपिल यादव
