बिथरी, बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव खजुरिया ब्रह्मनान में शनिवार रात मजदूरी के 4500 रुपये को लेकर हुए विवाद मे राधा नाम की महिला की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मायके पक्ष ने पति पर ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है राधा के पति विमल ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बिथरी चैनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विमल ने बताया कि उसका भाई संजीव गांव फरीदापुर इनायत खां निवासी अर्जुन के ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। ट्रैक्टर उसके घर के पास ही खड़ा होता था। अर्जुन पर आरोपी के 4500 रुपये बकाया थे। शनिवार रात दोनों आरोपी भाई विमल के घर पहुंचे और बकाया रकम मांगने लगे। इस दौरान कहासुनी हुई। आरोप है कि दोनों भाई लाठी और धारदार हथियार लेकर लौटे और हमला कर दिया। राधा ने बीच-बचाव का प्रयास किया। धारदार हथियार से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपियों ने उसे ट्रैक्टर से कुचल दिया। इसके बाद आरोपी भाग गए। परिजन घायल राधा को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, महिला के मायके वालों ने अब पति विमल पर ही हत्या का आरोप लगाया है। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
