मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज पुलिस ने ग्राम जाम मे छज्जा विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में वांछित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और क्षेत्र से बाहर भागने की फिराक में थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 मई 2026 को ग्राम जाम मे हुई थी। पड़ोसियों के बीच मकान का छज्जा निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट मे बदल गया। इस दौरान कुंवरपाल के भाई लक्ष्मण प्रसाद उर्फ लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान लक्ष्मण स्वरूप की मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी थी। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नल नगरिया तिराहे पर घेराबंदी कर दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजीत (20 वर्ष) और प्रेमरतन उर्फ रामरतन (19 वर्ष) पुत्र मंगलसेन उर्फ मंगली निवासी जाम, थाना मीरगंज के रूप मे हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लकड़ी की फटी से वार किया था। जिससे लक्ष्मण स्वरूप घायल हुए थे। मृत्यु की सूचना के बाद वे पुलिस कार्रवाई के डर से छिपे हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
