बरेली। शहर की यातायात व्यवस्था की धुरी माने जाने वाले चौपला ओवरब्रिज की मरम्मत को लेकर अब जनप्रतिनिधियों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने मरम्मत कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों व इंजीनियरों को फटकार लगाई। विधायक अग्रवाल ने मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया कि जिस पुल पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते है और जिसके बंद होने से पूरे शहर का यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां मरम्मत कार्य बेहद कम संख्या पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पांच मजदूरों के भरोसे इतने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करना संभव नही है। निरीक्षण के दौरान विधायक की नाराजगी तब और बढ़ गई जब उन्होंने निर्माण कार्य मे इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल की मरम्मत जैसे संवेदनशील कार्य मे किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इंजीनियरों को गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि चौपला ओवरब्रिज शहर और उनकी विधानसभा की सबसे महत्वपूर्ण यातायात लाइनों में से एक है। पुल बंद होने से आम लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले हजारों नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कार्य में देरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और इंजीनियरों को एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि काम में तेजी नहीं लाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
