राजस्थान/बाड़मेर- पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने बुधवार को टापरा एवं कालूडी ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्राम रथ अभियान के तहत आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विधायक मद से एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम रथ और कला जत्थों के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से गांव-गांव जाकर आमजन को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि विकास केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों तक समान रूप से पहुंचे। इसके लिए सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि विधायक मद से कराए जा रहे विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किए गए हैं, जिससे आमजन को सीधे लाभ मिल सके।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें।इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
