बरेली। कैनविज कम्पनी के मालिक को गिरफ्तार करो, कम्पनी हाय-हाय, हमारा पैसा वापस दो। ऐसे नारे लगाते हुए डीएम कार्यालय गेट पर दर्जनों की संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। आरोप था कि कम्पनी के मालिक और उसके गुर्गों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। लोगों ने ज्ञापन सौंपकर अल्टीमेटम दिया कि अगर पुलिस व प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो 15 जून से पीड़ित डीएम कार्यालय परिसर में अनशन पर बैठेंगे। डॉ. केपी सिंह ने बताया कि कैनविज कम्पनी सन 2000 में बरेली आई थी। तब इसने अपने प्रोडक्ट बेचे थे और उस पर ब्याज देने का प्रलोभन देकर कई लोगों को अपने जाल में फंसाया और उसके बाद गायब हो गई। इसके बाद फिर से सन 2016 में कम्पनी आई। इन्होंने लोगों से इनवेस्टमेंट करने को कहा जिसपर 5 प्रतिशत ब्याज देने का प्रलोभन दिया। साथ ही कुछ गुर्गे बाजार में छोड़ दिए और उनके सामने शर्त यह रखी जो जितना इनवेस्टमेंट कराएगा उसे उसका दो प्रतिशत मिलेगा। इसके बाद बरेली शहर में हजारों लोगों से इनवेस्टमेंट कराए गए। इनके गुर्गे यह भी कहते थे कि अगर पैसा डूब गया तो हम अपने पास से देंगे। अब जनवरी 2025 से किसी का पैसा नहीं मिला है और कम्पनी के मालिकान से लेकर गुर्गे तक गायब है। ऐसे मामलों मे 62 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। डीएम से पहले भी मामले में शिकायत की गई थी तो उन्होंने पुलिस की एक कमेटी जांच के लिए गठित करवाई थी मगर उस कमेटी ने कुछ नहीं किया। अभी तक मामले में एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। डॉ. केपी सिंह ने कहा कि 14 जून तक का अल्टीमेटम दिया गया है अगर कोई गिरफ्तारी नही होती तो डीएम कार्यालय परिसर में 15 जून से शांतिपूर्ण अनशन शुरू किया जाएगा। शिकायत के दौरान के पी सिंह, प्रमोद कुमार, अनुज भारती, सूरजपाल, ज्ञानप्रकाश, सक्सेना, मिश्री लाल, वीरेंद्र पाल, पवन सक्सेना, सुरेंद्र, अमन पटेल, विमला देवी, सपना सिंह, दुलारो देवी, पूनम, रामलली, अंकित पटेल, कमल कुमार, आरती, लता पटेल और पंकज त्रिपाठी सहित कई अन्य निवेशक मौजूद थे।।
बरेली से कपिल यादव
