ई-रिक्शा पलटने से छह माह के मासूम की मौत, मां और नानी घायल

शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के कस्बे मे ई-रिक्शा पलट जाने से छह माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बच्चे की मां और नानी भी घायल हो गई। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना शाही-शेरगढ़-बहेड़ी मार्ग पर रम्पुरा पुल के पास हुई। शरीफनगर निवासी इमरता देवी अपने छह माह के बेटे कुश के साथ दवा लेने मिलक, रामपुर जा रही थीं। उनके साथ उनकी मां कोकिला देवी और दो बेटियां आरोही (चार वर्ष) व अभीरा (दो वर्ष) भी थी। सभी शेरगढ़ से शाही के लिए ई-रिक्शा मे सवार हुए थे। रम्पुरा पुल के पास ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पलटने से इमरता देवी की गोद मे बैठा कुश नीचे गिर गया और रिक्शा की छत उसके सिर मे लग गई। जिससे उसकी तुरंत मौत हो गई। हादसे मे इमरता देवी के पैर में चोट आई जबकि उनकी मां कोकिला देवी को भी मामूली चोटें आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक मासूम के शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने ई-रिक्शा को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक कुश अपने माता-पिता सुनील कुमार और इमरता देवी का इकलौता पुत्र था। दंपती की दो बेटियां आरोही और अभीरा भी है। सुनील कुमार मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते है। परिजनों ने बताया कि इमरता देवी सुबह ही अपनी ससुराल शरीफनगर से मायके डूंगरपुर आई थी और मां के साथ दवा लेने निकली थी। इस दुखद घटना से पूरा परिवार सदमे में है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद इमरता देवी बेसुध हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों के पहुंचने की खबर मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *