बरेली। सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से जिले में 19 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच शुरू हो गई। मगर पहले दिन की परीक्षा में ही 4210 अभ्यर्थी गैरहाजिर हो गए। दोनों पालियों में बुलाए गए 17472 अभ्यर्थियों में सिर्फ 13262 ही परीक्षा में शामिल हुए। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई, जिसमें 8736 अभ्यर्थी बुलाए गए थे। इसमें 6626 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 2110 अनुपस्थित हो गए। दोपहर तीन बजे से शुरू हुई दूसरी पाली में भी 8736 अभ्यर्थी बुलाए गए, जिसमें 6636 उपस्थित और 2100 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कड़े निगरानी प्रबंध किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के गेट पर तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया गया। इस दौरान बायोमीट्रिक के माध्यम से भी उनकी जांच कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के जरिये लगातार निगरानी की जाती रही। बरेली में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में दस जिलों के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें आगरा, पीलीभीत, बिजनौर, मथुरा, बदायूं, रामपुर, संभल, शाहजहांपुर, सीतापुर और हरदोई शामिल हैं। मंगलवार को भी दोनों पालियों में 17472 अभ्यर्थी बुलाए गए हैं।
बरेली से कपिल यादव
