1147 रिक्रूट बने सिपाही, एडीजी और एसएसपी ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ

बरेली। रविवार की सुबह नए पुलिसकर्मियों के लिए ऊर्जा के संचार की सुबह थी। पुलिस लाइन मे नौ महीने से आरटीसी प्रशिक्षण ले रही 783 महिला रंगरूट पासिंग आउट परेड के बाद सिपाही बन गई। इसी तरह पीएसी आठवीं बटालियन में प्रशिक्षु 364 रंगरूटों को कांस्टेबल का दर्जा मिला। सभी के चेहरे पर मुस्कान थी, उनके परिवारीजन भी इस खुशी में शरीक हुए। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऑनलाइन संबोधन सभी को सुनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने भी नए सिपाहियों को निष्ठा और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। पुलिस लाइन मे परेड के मुख्य अतिथि एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली। एसएसपी अनुराग आर्य भी उनके साथ रहे। दोनों अधिकारियों ने 783 पास आउट महिला पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति अनुशासन का पाठ पढ़ाया। आरआई हरमीत सिंह ने बताया कि बरेली पुलिस लाइन को 800 महिला रिक्रूट का आवंटन हुआ था। इनमें से 796 ने आमद दर्ज कराई। इनमें से कुछ दूसरे विभागों में चयनित हो गईं और कुछ ने निजी कारणों से प्रशिक्षण छोड़ दिया। कुल 783 नई सिपाहियों को तैनाती मिली। इनमें से 292 की तैनाती बरेली जिले के थानों में ही होगी। बरेली में कुल 1386 नए सिपाहियों की तैनाती होगी, इस लिहाज से जिले के हर थाने मे करीब 48 नए सिपाही बढ़ जाएंगे। पुलिस लाइन में परेड के बाद खुशी का ज्वार देखने को मिला। अधिकांश महिला पुलिसकर्मी अपने परिजनों के साथ आई थीं। अधिकांश गरीब या मध्यमवर्गीय परिवारों से थीं। इन्होंने अपनी पगड़ी माता या पिता के सिर पर रखकर, सेल्फी लेकर और पगड़ी हवा में उछालकर सरकारी सेवा में आने की खुशी जताई। पुलिसकर्मियों ने पुलिस महकमे में सेवा का अवसर मिलने को भाग्य से जोड़ा। किसी ने माता पिता तो किसी ने गुरुओं व भाई बहनों को इस सफलता का श्रेय दिया। सभी पुलिसकर्मियों के चेहरे पर खुशी और गर्व के भाव साफ झलक रहे थे। भीषण गर्मी भी पासिंग ऑउट परेड में उनका जोश कम नहीं कर पाई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *